रायपुर। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नया नियम जारी किया है। इसके तहत अब हायर सेकेंडरी के व्याख्याता (Lecturer) सिर्फ अपने मुख्य स्नातकोत्तर (PG) विषय ही नहीं, बल्कि अपने स्नातक (UG) स्तर पर पढ़े गए अन्य विषयों की भी कक्षाएं ले सकेंगे।
इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय (DPI), छत्तीसगढ़ ने 16 अक्टूबर 2026 को सभी संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों को इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। यह निर्णय स्कूल शिक्षा मंत्री के दिशा-निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में लिया गया है।
विज्ञान संकाय में गणित, भौतिकी, रसायन और जीवविज्ञान की व्यवस्था
जारी निर्देशों के अनुसार, जिन स्कूलों में गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान या जीवविज्ञान के व्याख्याता के पद रिक्त हैं, वहां उपलब्ध शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता के आधार पर अध्यापन व्यवस्था की जाएगी।
यदि किसी स्कूल में गणित या भौतिकी विषय का व्याख्याता पदस्थ है, तो स्नातक स्तर पर संबंधित विषय का अध्ययन किए होने की स्थिति में उसे दूसरे विषय की कक्षाएं लेने की जिम्मेदारी भी दी जा सकेगी। इसी तरह, रसायन विज्ञान या जीवविज्ञान के व्याख्याताओं से भी उनके स्नातक स्तर के अध्ययन के आधार पर दूसरे विषय का अध्यापन कराया जा सकेगा।










