जल्द सजेगा धमतरी का अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, महापौर-कलेक्टर ने परखी निर्माण की गुणवत्ता

 महापौर  रोहरा ने दर्शक दीर्घा में लगायी जाने वाली कुर्सी पर बैठकर कुर्सी की गुणवत्ता एवं आरामदायक व्यवस्था का परीक्षण किया

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित आयोजन स्थल को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

धमतरी। धमतरी शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित विकास कार्यों का महापौर नगर निगम धमतरी  रामू रोहरा एवं कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने आज संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सिहावा चौक स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ऑडिटोरियम में फॉल्स सीलिंग, वातानुकूलन व्यवस्था, आधुनिक साउंड सिस्टम तथा आकर्षक प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थल की उपयोगिता, दर्शकों की सुविधा और तकनीकी व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, महापौर श्री रोहरा ने दर्शक दीर्घा में  लगायी  जाने वाली  कुर्सी  पर बैठकर कुर्सी की गुणवत्ता एवं आरामदायक व्यवस्था का परीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम में दर्शकों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, मंच की उपयुक्त संरचना, ध्वनि की स्पष्टता, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, प्रसाधन सुविधाएं, सुगम प्रवेश एवं निकास तथा दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक पहुंच जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

महापौर  रामू रोहरा ने कहा कि अत्याधुनिक ऑडिटोरियम धमतरी शहर के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा साबित होगा। इसके पूर्ण होने से सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाट्य मंचन, साहित्यिक गोष्ठियों, शैक्षणिक आयोजनों, सेमिनारों, सम्मेलनों और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक व्यवस्थित एवं गरिमामय मंच उपलब्ध होगा। इससे स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों, विद्यार्थियों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को अपनी प्रतिभा एवं गतिविधियों को प्रस्तुत करने का बेहतर अवसर मिलेगा। हमारा प्रयास है कि शहरवासियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऐसा आयोजन स्थल मिले, जहां विभिन्न कार्यक्रम सुविधाजनक ढंग से आयोजित किए जा सकें।

कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शासकीय निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, उपयोगिता और समयबद्धता का विशेष महत्व है। ऑडिटोरियम का निर्माण इस तरह किया जाए कि यह लंबे समय तक शहरवासियों की आवश्यकताओं को पूरा कर सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण सामग्री एवं कार्यों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने तथा विद्युत सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, ध्वनि व्यवस्था, वातानुकूलन और अन्य आवश्यक तकनीकी सुविधाओं को मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के साथ ही सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाए, ताकि नागरिकों को एक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुव्यवस्थित आयोजन स्थल उपलब्ध हो सके।

ऑडिटोरियम के निर्माण से धमतरी में सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधा विकसित होगी। इससे शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही शैक्षणिक, सामाजिक और बौद्धिक आयोजनों के लिए भी नए अवसर सृजित होंगे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment