धमतरी। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के फरसगांव में मोबाइल देखने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच मामूली विवाद में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई पर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण छोटे भाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम फरसगांव में रविवार को छोटा भाई कुंदन मोबाइल फोन देख रहा था। इसी दौरान बड़े भाई ने उसे लगातार मोबाइल देखने को लेकर टोका। बात रोकने और टोकने को लेकर दोनों भाइयों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया। गुस्से से तमतमाए बड़े भाई कैलाश सोरी ने आपा खो दिया और घर में रखे लकड़ी के भारी डंडे से छोटे भाई कुंदन सोरी पर दनादन हमला कर दिया।
सिर व शरीर के संवेदनशील हिस्सों में डंडे से हुए जानलेवा वार के कारण कुंदन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और अत्यधिक रक्तस्राव एवं गंभीर चोटों के चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस अचानक हुई वारदात के बाद घर और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा तैयार किया। आरोपी बड़े भाई के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच शुरू कर दी गई है।









