रायपुर। भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने पहले छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन पार्टी सांसदों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में संगठन और सरकार के कामकाज के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों की भूमिका, केंद्र व राज्य की योजनाओं के क्रियान्वयन और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में स्मृति ईरानी ने सांसदों से फीडबैक लिया और बेहतर समन्वय के लिए सुझाव भी दिए।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बैठक के बारे में बताया कि संगठन और सरकार का काम बेहतर तरीके से कैसे हो, इसे लेकर सांसदों से सुझाव लिए गए। स्मृति ईरानी ने भी प्रभावी कामकाज को लेकर अपने सुझाव साझा किए। उन्होंने कहा कि सरकार में रहते हुए संगठन, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं की क्या भूमिका होनी चाहिए, इस पर भी चर्चा हुई।
बृजमोहन अग्रवाल के मुताबिक, संगठन और सरकार मिलकर काम करेंगे, तभी आने वाले समय में दोबारा सरकार में आकर जनता की सेवा करने का अवसर मिलेगा।
सांसद विजय बघेल ने बताया कि बैठक के दौरान स्मृति ईरानी ने सांसदों से वन-टू-वन चर्चा की और उनके क्षेत्रों से जुड़ा फीडबैक लिया। सांसदों से यह भी जाना गया कि उनके-अपने लोकसभा क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं किस तरह जमीन पर पहुंच रही हैं।उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन समेत विभिन्न मुद्दों पर सांसदों से खुलकर चर्चा की गई।
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि बैठक में भाजपा की विचारधारा को धरातल पर उतारने और सत्ता व संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर मंथन हुआ। बैठक में जनप्रतिनिधियों से सुझाव मांगे गए और सांसदों ने भी अपने सुझाव साझा किए।









