स्वामित्व योजना में गड़बड़ी को लेकर कलेक्टर से शिकायत, कार्यवाही की मांग

कुरुद। स्वामित्व योजना के अंतर्गत ड्रोन सर्वे में नाम दर्ज होने एवं वैध पट्टा होने के बाद भी हल्का पटवारी द्वारा गलत रिपोर्ट देने की शिकायत मेघा के गोविंद साहू ने कलेक्टर से की है। शिकायत में उन्होंने इसे लोक सेवकों के दायित्वों का घोर उल्लंघन बताते हुए कार्यवाही की मांग की है। इसी तरह ग्राम बानगर के राकेश यादव ने हड़ताल अवधि में काम कर संबंधित पटवारी पर जांच की निष्पक्षता पर भी आपत्ति जताई है।

धमतरी कलेक्टर से लिखित शिकायत करते हुए ग्राम मेघा के गोविन्द साहू ने बताया कि ग्राम पंचायत मेघा की आबादी भूमि खसरा नंबर 2631/1 प्लाट नंबर 215, 216 (पुराना), खसरा नंबर 2154 (नया) रकबा 496 वर्गमीटर भूखंड पर पूर्वजों के समय से शांतिपूर्ण, वैध कब्ज़ा एवं आधिपत्य चला आ रहा है। जिसका स्वामित्व योजना के तहत ड्रोन सर्वे किया गया, जिसमें मेरा नाम खसरा नंबर सहित क्षेत्रफल भी दर्ज है।

इसके बावजूद हल्का पटवारी संगीता साहू द्वारा द्वेषवश ग्राम पंचायत को असत्य , भ्रामक एवं गलत रिपोर्ट प्रस्तुत की है। यह मेरे वैध क़ानूनी अधिकारों को क्षति पहुँचाने का प्रयास है। आवेदक ने पटवारी दवारा प्रस्तुत गलत रिपोर्ट को विधि एवं प्राकृतिक न्याय सिद्धांतो के विपरीत बताते हुए भू राजस्व संहिता की धारा 115 के प्रावधानों के तहत भ्रामक रिपोर्ट को निरस्त करते हुए पटवारी के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।

इसी तरह कुरुद तहसील के ग्राम बानगर में कातलबोड़ हल्का पटवारी ललकि ध्रुव 24 अक्टूबर को स्वामित्व योजना के तहत दावा आपत्ति के एक मामले की जांच करने पहुंचे थे। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ की 13 अक्टूबर से जारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल के बीच जारी जांच वीडियो शोसल मीडिया में वायरल होने के बाद पटवारियों के कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे है। इस मामले के आवेदक ने जांच की निष्पक्षता पर भी आपत्ति जताई है।

उन्होंने अपनी जमीन किसी अन्य के नाम दर्ज करने को लेकर चौपाल में पटवारी से सवाल किया, तब पटवारी इसके लिए कोटवार को जिम्मेदार ठहरा अपना बस्ता उठाकर चले गए। पटवारियों की प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच स्वामित्व योजना के दावा आपत्ति का निपटारा करने पटवारी रिकार्ड लेकर बानगर पहुंचे और कोटवार पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में जांच प्रक्रिया पूरी की। इसका वीडियो वायरल होने के बाद हड़ताल के दौरान काम करने को लेकर सवाल उठने लगे है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment