Dhamtari: गांवों में दहशत फैलाने वाले तेंदुए को लेकर बड़ा खुलासा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेबीज संक्रमण की पुष्टि

धमतरी।  जिले में सीतानदी-उदंती टाइगर रिजर्व से लगे गांवों में दहशत फैलाने वाले तेंदुए को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक दो लोगों की जान लेने और कई ग्रामीणों को घायल करने वाले तेंदुए के शरीर में पोस्टमार्टम के दौरान रेबीज संक्रमण की पुष्टि हुई है।

जानकारी के मुताबिक, तेंदुए के हमलों का सिलसिला 14 अक्टूबर से शुरू हुआ था। सीतानदी-उदंती टाइगर रिजर्व से सटे बोराई क्षेत्र के आसपास कई गांवों में तेंदुए ने लोगों पर हमला किया। इस दौरान एक गर्भवती महिला समेत दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि 19 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।

16 अक्टूबर की सुबह आमानारा गांव में तेंदुए की मौजूदगी से फिर अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि तेंदुए ने गांव में तीन लोगों को घायल कर दिया था। इसी दौरान उसने तीन वर्षीय बच्ची सुहानी मरकाम पर हमला करने की कोशिश की।

ऐसे में बच्ची के पिता सुरेश मरकाम ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को पीछे से पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर लाठी-डंडों और रस्सी की मदद से उसे काबू में किया। बाद में तेंदुए को वन विभाग के हवाले किया गया।लगातार हमलों से परेशान ग्रामीणों के लिए तेंदुए का पकड़ा जाना बड़ी राहत थी। हालांकि, बाद में तेंदुए की मौत हो गई। तेंदुए की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेबीज संक्रमण की पुष्टि हुई है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment