धमतरी कलेक्ट्रेट में अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली ‘सत्यनिष्ठा की शपथ’

भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता, ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखने का लिया संकल्प

धमतरी। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता और सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कलेक्टोरेट कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘सत्यनिष्ठा की शपथ (Integrity Pledge)’ ली। अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी ने सभी को शपथ दिलाई।

इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों ने जीवन के सभी क्षेत्रों में ईमानदारी और कानून का पालन करने, न रिश्वत लेने और न देने तथा शासकीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया। उन्होंने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने और व्यक्तिगत आचरण में सत्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करने की भी प्रतिज्ञा की।

भ्रष्टाचार को देश की आर्थिक, राजनीतिक एवं सामाजिक प्रगति में बाधक बताते हुए इसके उन्मूलन के लिए शासन-प्रशासन, नागरिकों और निजी क्षेत्र की सामूहिक भागीदारी को आवश्यक बताया गया। साथ ही भ्रष्टाचार की किसी भी घटना की जानकारी संबंधित एजेंसी को देने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर शासकीय कार्यों में नैतिक मूल्यों, जवाबदेही और पारदर्शिता को मजबूत करने तथा आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment