धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता, ट्रेडिंग में 4% मासिक मुनाफे का झांसा देकर 3.12 करोड़ रुपये की ठगी करने वाला मुख्य आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

वेल्थ ट्रैकर कार्यालय की आड़ में निवेशकों को बनाया शिकार, स्टाम्प पेपर पर इकरारनामा और सिक्योरिटी चेक देकर जीता था भरोसा

आरोपी के कब्जे से 02 मोबाइल, 01 टैबलेट एवं निवेश संबंधी दस्तावेज जप्त

धमतरी।  सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने शेयर मार्केट ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 4 प्रतिशत मासिक मुनाफे का प्रलोभन देकर निवेशकों से 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले फरार मुख्य आरोपी को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

प्रार्थी शिवकुमार साहू  द्वारा थाना गुरूर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। घटनास्थल थाना सिटी कोतवाली धमतरी क्षेत्रांतर्गत होने से प्रकरण की अग्रिम विवेचना हेतु डायरी सिटी कोतवाली धमतरी को प्राप्त हुई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी विक्रम सिंह शाह के विरुद्ध अपराध क्रमांक 214/2026, धारा 420 भा.दं.वि. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना में सामने आया कि आरोपी विक्रम सिंह शाह कलेक्ट्रेट रोड धमतरी स्थित अपने ‘वेल्थ ट्रैकर’ कार्यालय के माध्यम से लोगों को शेयर मार्केट एवं ट्रेडिंग ऐप में रकम निवेश करने पर प्रतिमाह 4 प्रतिशत ब्याज/मुनाफा देने का लालच देता था। निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए आरोपी स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत इकरारनामा तैयार करवाता था तथा सुरक्षा के तौर पर बैंक चेक भी देता था। इसी झांसे में आकर प्रार्थी शिवकुमार साहू एवं उनके परिजनों ने आरोपी के पास 25 लाख रुपये निवेश किए। आरोपी ने शुरुआती कुछ महीनों तक लाभ देने का भरोसा बनाए रखा, लेकिन बाद में मूलधन एवं लाभ की राशि वापस किए बिना रकम हड़पकर फरार हो गया।

3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का खुलासा
पुलिस विवेचना एवं जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से अनेक निवेशकों को अपने झांसे में लेकर उनसे भारी-भरकम रकम एकत्र की थी। अब तक की जांच में आरोपी द्वारा कुल 3,12,00,000/- रूपये (तीन करोड़ बारह लाख रुपये) से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

इसमें प्रमुख पीड़ितों में संगीता सिन्हा से 81 लाख रुपये, अंबिका प्रसाद सोनवानी से 60 लाख रुपये, भूषण सिन्हा से 28 लाख रुपये, चेतन सिन्हा से 16 लाख रुपये एवं प्रभुलाल सिन्हा से 12 लाख रुपये सहित अन्य निवेशकों की रकम शामिल है। आरोपी द्वारा शुरुआती दौर में कुछ निवेशकों को नाममात्र का मुनाफा देकर उनका विश्वास जीता गया तथा बाद में निवेशकों की बड़ी रकम लेकर फरार हो गया।

इंदौर में घेराबंदी कर आरोपी को किया गिरफ्तार
प्रकरण की गंभीरता एवं धोखाधड़ी की बड़ी रकम को देखते हुए पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय द्वारा फरार मुख्य आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की लगातार पतासाजी की गई।

इसी दौरान आरोपी की लोकेशन मध्यप्रदेश के इंदौर में मिलने पर पुलिस टीम तत्काल रवाना की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर फरार आरोपी विक्रम सिंह शाह को इंदौर से हिरासत में लिया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को  29 अक्टूबर  को  गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड प्राप्त करने की कार्यवाही की जा रही है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment