धमतरी। पिछले दो दिन से हो रही बारिश ने जिले के मगरलोड विकासखंड के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र के ग्राम चंदना, भेंडरी, करेलीबड़ी, मेघा, हरदी और बेलौदी सहित आसपास के ग्रामों में किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचने की खबर है।
मिली जानकारी के अनुसार कई खेतों में पककर तैयार धान की फसल बारिश और तेज हवाओं से जमीन पर बिछ गई है। वहीं जिन किसानों ने कटाई कर धान खेतों या खलियानों में रखा था, उनकी उपज भी बारिश में भीग गई है। खेतों में जलभराव के कारण धान की बालियों के सड़ने, दाने अंकुरित होने और गुणवत्ता ख़राब होने की आशंका बढ़ गई है।
किसानों का कहना है कि जिस समय फसल काटकर उपार्जन केंद्रों तक पहुंचाने की तयारी थी, उसी समय बेमौसम बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब उन्हें न केवल फसल ख़राब होने की चिंता है, बल्कि खरीदी केंद्रों में नमी और गुणवत्ता के आधार पर धान अस्वीकृत होने का डर भी सता रहा है।








