गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के राजाडेरा जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए 21 लाख रुपये नगद डंप को निकालने पहुंचे दो महिला सरेंडर नक्सलियों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरामद रकम नक्सलियों द्वारा ठेकेदारों और आम नागरिकों को डराकर अवैध वसूली से जुटाई गई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों महिला नक्सलियों ने शासन की पुनर्वास नीति के तहत सरेंडर किया था, लेकिन पुलिस के अनुसार उनका मकसद नक्सली संगठन के लिए छिपाई गई रकम वापस निकालना था।
दरअसल, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मैनपुर पुलिस ने राजाडेरा पहाड़ी के पास घेराबंदी की। इसी दौरान जंगल से बैग लेकर लौट रहे संदिग्धों ने पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक काले रंग के बैग से टिफिन में रखे 500-500 रुपये के नोटों के बंडल मिले। कुल 21 लाख रुपये नगद बरामद किए गए।







