खैरागढ़। दुर्ग जिले में खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा की कार और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्ग अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र के मिलन चौक के पास की है। मिली जानकारी के मुताबिक, विधायक यशोदा वर्मा की कार खैरागढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान लिटिया की तरफ से बोरी आ रही बाइक से कार की टक्कर हो गई। बाइक पर शिव वर्मा (50 वर्ष) और हेमंत पटेल (45 वर्ष) सवार थे। टक्कर में दोनों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए दुर्ग अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है। दोनों कहां के रहने वाले हैं, इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।







