गाली-गलौज करने से मना करने पर बुजुर्ग पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई के दौरान गाली-गलौज करने से मना करने पर बुजुर्ग पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी को  न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई कार्यक्रम आयोजित था। रात्रि करीब 08:30 बजे  नारायण साहू अपने पिता भागीरथी साहू के साथ बस स्टैंड स्थित अपने चाय ठेले पर मौजूद था। इसी दौरान गांव का ही आरोपी ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू वहां पहुंचकर अश्लील गाली-गलौज करने लगा।

आसपास महिलाओं की आवाजाही होने के कारण जब भागीरथी साहू ने आरोपी को गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी ने अपनी जेब में रखे साइकिल के स्पोक के धारदार टुकड़े से उनके पेट पर लगातार 6-7 वार कर दिए। हमले में भागीरथी साहू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार हेतु संजीवनी अस्पताल, नयापारा में भर्ती कराया गया।

पुलिस की त्वरित कार्यवाही एवं गिरफ्तारी में प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 236/2026, धारा 296, 109(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की पतासाजी कर घेराबंदी करते हुए ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसकी निशानदेही से घटना में प्रयुक्त साइकिल के स्पोक का एक धारदार टुकड़ा ग्राम करेलीबड़ी के नंगरा नाला पुल के नीचे पाइप के अंदर से बरामद कर विधिवत जप्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment