Dhamtari : पशुपालन और मछलीपालन विभाग की कलेक्टर ने की समीक्षा, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, केसीसी प्रकरणों और गौशाला-गौधाम संचालन के प्रगति की ली जानकारी

धमतरी। जिले में पशुपालन एवं मत्स्यपालन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने आज संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने पशुपालकों और मछलीपालकों को शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के साथ विभागीय गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पशुपालन विभाग के अंतर्गत पशुओं के टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) प्रकरणों की स्थिति और पशु सखियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने पशुपालकों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए सहकारी समितियों के गठन, दुधारू पशुओं के प्रदाय तथा गौशाला एवं गौधाम के संचालन की प्रगति की भी समीक्षा की।
इसी तरह मत्स्यपालन विभाग की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए किसानों के केसीसी प्रकरणों तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, हितग्राहियों को मिल रहे लाभ और मैदानी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर प्रीति दुर्गम, पशुपालन विभाग के उपसंचालक श्री मरकाम सहित पशुपालन एवं मत्स्यपालन विभाग के विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment