दंतेवाड़ा। जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के छिपाए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। बारसूर थाना क्षेत्र के जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान AK-47 राइफल, ग्रेनेड, कुकर बम, BGL लॉन्चर और बड़ी मात्रा में कारतूस मिले हैं।
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों और स्थानीय मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर 16 नवंबर को वाकेली और 18 नवंबर को बुरदुम के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला पुलिस बल, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG), बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस ने बताया कि 18 नवंबर को शाम करीब चार बजे वाकेली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी के दौरान हथियारों का डंप मिला। इसमें एक AK-47 राइफल, उसकी मैगजीन और 25 कारतूस, एक .303 राइफल और उसके 34 कारतूस, दो BGL लॉन्चर, 28 BGL राउंड, सात BGL सेल, एक .315 बोर बंदूक और एक भरमार बंदूक बरामद हुई है।








