रायपुर। फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ के खिलाफ रायपुर के अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर ने सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। उन्होंने फिल्म में महर्षि वाल्मीकि की रामायण के तथ्यों से कथित छेड़छाड़ और दर्शकों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। याचिका में सिनेमाघरों और OTT प्लेटफॉर्म पर फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने, उससे होने वाली कमाई को सुरक्षित रखने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत 19 नवंबर को दायर याचिका को सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री ने डायरी नंबर 72618/2026 आवंटित किया है। इसमें केंद्र सरकार, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC), प्राइम फोकस स्टूडियोज, मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स, निर्माता नमित मल्होत्रा और यश, निर्देशक नितेश तिवारी, लेखक श्रीधर राघवन व श्रेयस जैन तथा रायपुर पुलिस आयुक्त को प्रतिवादी बनाया गया है।
याचिकाकर्ता का आरोप है कि फिल्म का प्रचार महर्षि वाल्मीकि की रामायण के नाम पर किया गया, जबकि इसके डिस्क्लेमर में पौराणिक और ऐतिहासिक तथ्यों की सटीकता की जिम्मेदारी नहीं ली गई है। इसे दर्शकों के साथ कथित धोखाधड़ी बताते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। अपने दावों के समर्थन में अधिवक्ता ठाकुर ने गीता प्रेस, गोरखपुर से प्रकाशित श्रीमद्वाल्मीकीय रामायण के संबंधित अंश अदालत में पेश करने की बात कही है।








