भाजपा विधायक ईश्वर साहू ने किया डांस, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो

बेमेतरा। विधायक ईश्वर साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मंच पर जमकर ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो नगर पंचायत मारो में आयोजित एक कार्यक्रम का है, जहां विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम के समापन के बाद विधायक अपने डांस के अंदाज में नजर आए। इस दौरान मंच पर कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल समेत भाजपा के कई नेता भी मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के नगर पंचायत मारो में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। वहीं मंत्री दयाल दास बघेल और साजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ईश्वर साहू भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का आयोजन आत्मानंद स्कूल मारो में किया गया था, जहां बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम समाप्त होने और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के रवाना होने के बाद उसी मंच पर विधायक ईश्वर साहू डांस करते नजर आए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय साहू सहित कई नेता भी मंच पर मौजूद थे और विधायक के डांस का आनंद लेते दिखाई दिए।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment