बैंकवार लंबित प्रकरणों का डीएलसीसी बैठक से पहले निराकरण करने के निर्देश, योजना का लाभ दिलाने में लापरवाही नहीं बरतने की दी हिदायत
उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों, विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों एवं वेंडरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया सम्मानित
धमतरी। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिकाधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज संबंधित विभागों, बैंकों एवं वेंडरों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बैंकवार लंबित आवेदनों एवं ऋण प्रकरणों की जानकारी लेते हुए संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के तहत लंबित सभी प्रकरणों का आगामी जिला स्तरीय सलाहकार समिति (डीएलसीसी) की बैठक से पहले प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बैंकिंग प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब के कारण किसी भी पात्र हितग्राही को योजना के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम परिवारों को बिजली के खर्च में राहत देने के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों को परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्य करना होगा। उन्होंने जिले के बड़े गांवों को शत-प्रतिशत योजना से आच्छादित करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में योजना के प्रति अच्छी जागरूकता और सहभागिता है, उनके अनुभवों का लाभ अन्य पंचायतों को भी दिलाया जाए।
श्री मिश्रा ने ग्राम पंचायतों को योजना के प्रचार-प्रसार एवं हितग्राहियों को प्रेरित करने में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, अनुदान एवं सोलर रूफटॉप स्थापना से संबंधित जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए। पंचायत प्रतिनिधि, विद्युत विभाग के मैदानी अमले और वेंडर आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि इच्छुक परिवारों को आवेदन से लेकर संयंत्र स्थापना एवं अनुदान प्राप्ति तक आवश्यक सहयोग मिल सके।
कलेक्टर ने बैंकों को निर्देशित किया कि ऋण आवेदनों का परीक्षण निर्धारित समय-सीमा में करें तथा किसी प्रकरण में दस्तावेजों की कमी अथवा अन्य तकनीकी बाधा होने पर संबंधित हितग्राही एवं वेंडर को तत्काल स्पष्ट जानकारी दें। केवल आपत्तियां दर्ज कर प्रकरण लंबित रखने के बजाय उनके निराकरण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी बैंकों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा प्रत्येक प्रकरण की अद्यतन स्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने वेंडरों की समस्याओं एवं सुझावों को भी गंभीरता से सुना। श्री मिश्रा ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में वेंडरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए उनकी व्यावहारिक कठिनाइयों का विभागीय स्तर पर त्वरित समाधान किया जाए। आवेदन, ऋण स्वीकृति, तकनीकी परीक्षण, संयंत्र स्थापना और अनुदान संबंधी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता एवं एकरूपता बनाए रखी जाए। हितग्राहियों को अलग-अलग स्तरों पर भिन्न अथवा अस्पष्ट जानकारी मिलने की स्थिति नहीं बननी चाहिए। उन्होंने विद्युत विभाग को भी निर्देशित किया कि सोलर संयंत्र स्थापना के बाद आवश्यक तकनीकी परीक्षण एवं अन्य औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि योजना की प्रगति का आकलन केवल प्राप्त आवेदनों के आधार पर नहीं, बल्कि स्वीकृत ऋण प्रकरणों, स्थापित सोलर संयंत्रों और हितग्राहियों को वास्तविक रूप से मिले लाभ के आधार पर किया जाए। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग, विभागीय समन्वय और मैदानी स्तर पर सतत संपर्क बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को आपसी समन्वय से दूर कर कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि अधिकाधिक परिवार स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर बिजली बिल में बचत का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में योजना के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान देने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंचों, विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों एवं वेंडरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास अन्य पंचायतों और संबंधित संस्थाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने सभी से इसी प्रतिबद्धता एवं सक्रियता के साथ कार्य करते हुए जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता अनिल सोनी, अग्रणी बैंक प्रबंधक (एलडीएम) इंदर चंद तिलवानी सहित विभिन्न बैंकों के प्रबंधक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं वेंडर उपस्थित थे।








