देवभूमि सोसायटी एवं कॉलेज विद्यार्थियों के सहयोग से आयोजित हुआ सेवा अभियान
नई दिल्ली। सर्दी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता के उद्देश्य से शहीद भगत सिंह कॉलेज के विद्यार्थियों एवं देवभूमि सोसायटी के सहयोग से वस्त्रदान अभियान चलाया गया। इस अभियान की पहल छत्तीसगढ़ निवासी एवं शहीद भगत सिंह कॉलेज के विद्यार्थी गौरव साहू द्वारा की गई। अभियान के माध्यम से 100 से अधिक जरूरतमंद लोगों को गर्म कपड़े वितरित किए गए।
अभियान के अंतर्गत शहीद भगत सिंह कॉलेज के विद्यार्थियों से स्वेच्छा से सर्दियों के गर्म कपड़े एकत्रित किए गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक इस पहल में भाग लेते हुए अपनी सामर्थ्य के अनुसार कपड़ों का दान किया। एकत्रित किए गए कपड़ों को जरूरतमंद लोगों तक पहुँचाया गया, जिससे उन्हें ठंड के मौसम में राहत मिल सके।
इस पूरे अभियान में गौरव साहू के साथ कॉलेज के कई विद्यार्थियों एवं देवभूमि सोसायटी के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक प्रयासों से यह सेवा कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
गौरव साहू ने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। जरूरतमंदों की सहायता के लिए किया गया छोटा-सा प्रयास भी किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। समाज के प्रति संवेदनशीलता और सेवा की भावना ही युवाओं को एक जिम्मेदार नागरिक बनाती है।
इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।








