छत्तीसगढ़ में अगले सत्र से शुरू होंगे 150 स्वामी विवेकानंद स्कूल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में अब चौथा मॉडल जुड़ने जा रहा है। सामान्य सरकारी स्कूलों के अलावा पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के इग्नाइट इंग्लिश स्कूल, कांग्रेस सरकार के स्वामी आत्मानंद स्कूल और अब मौजूदा भाजपा सरकार के स्वामी विवेकानंद स्कूल इस व्यवस्था का हिस्सा बनेंगे। अगले शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रदेश में 150 स्वामी विवेकानंद स्कूल शुरू करने की तैयारी है। इन स्कूलों में पहली से 12वीं तक पूरी पढ़ाई केवल अंग्रेजी माध्यम में होगी। विवेकानंद स्कूलों में हिंदी माध्यम की कक्षाएं नहीं लगेंगी।

छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। राज्य सरकार शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्रदेश में 150 स्वामी विवेकानंद स्कूल शुरू करने की तैयारी कर रही है। इन स्कूलों में पहली से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी तरह अंग्रेजी माध्यम में होगी। इसके लिए सरकार ने 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। इन स्कूलों के शुरू होने के बाद प्रदेश में सरकारी स्कूलों के चार अलग-अलग मॉडल हो जाएंगे।

अब तक प्रदेश में सामान्य सरकारी स्कूलों के साथ पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के इग्नाइट इंग्लिश स्कूल और कांग्रेस सरकार के दौरान शुरू किए गए स्वामी आत्मानंद स्कूल संचालित हो रहे हैं। अब मौजूदा भाजपा सरकार स्वामी विवेकानंद स्कूलों के जरिए अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा का नया मॉडल शुरू करने जा रही है।

आत्मानंद और इग्नाइट स्कूलों से अलग होगी व्यवस्था

स्वामी विवेकानंद स्कूलों की व्यवस्था पहले से संचालित अंग्रेजी माध्यम के सरकारी स्कूलों से अलग होगी। करीब 10 से 12 साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में 207 इग्नाइट इंग्लिश स्कूल शुरू किए गए थे। इनमें 103 प्राथमिक और 104 पूर्व माध्यमिक स्कूल शामिल हैं। इन स्कूलों में केवल आठवीं तक पढ़ाई होती है।

वहीं, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुए स्वामी आत्मानंद स्कूलों की संख्या वर्तमान में 751 है। इनमें 403 अंग्रेजी माध्यम और 348 हिंदी माध्यम के स्कूल हैं। कई स्कूलों में दोनों माध्यम की कक्षाएं अलग-अलग पालियों में संचालित होती हैं।

इसके विपरीत स्वामी विवेकानंद स्कूलों में पहली से 12वीं तक केवल अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई होगी। यहां हिंदी माध्यम की अलग कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment