कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार की गई जीएसटी सहायक आयुक्त आंचला गिरी पर राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी करप्शन ब्यूरो की ट्रैप कार्रवाई के 24 घंटे के भीतर ही सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया है। इस मामले में एसीबी ने अधिकारी के साथ रिश्वत के लेनदेन में मध्यस्थ की भूमिका निभाने के आरोपी सीए इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया था। दोनों की गिरफ्तारी 21 नवंबर को की गई थी। रिश्वत की रकम अधिकारी के घर पर दी जा रही थी, लेकिन एसीबी की टीम के पहुंचते ही उसे नाली में फेंक दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने एसीबी जगदलपुर में जीएसटी विभाग की सहायक आयुक्त आंचला गिरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि अधिकारी ने उसके वाहन को ई-वे बिल से संबंधित मामले में रोक दिया था। आरोप है कि वाहन को छोड़ने के एवज में सहायक आयुक्त ने उससे 2 लाख रुपये की मांग की थी। इसमें डेढ़ लाख रुपये घर आकर देने और बाकी 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में काटने की बात कही गई थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़वाने का निर्णय लिया और इसकी शिकायत एसीबी जगदलपुर में कर दी।
शोएब रंगरेज की शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की प्राथमिक जांच की। शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध तथ्यों की जांच की गई। तथ्य सही पाए जाने के बाद एसीबी की टीम ने अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। इसके तहत अधिकारी के घर पर रिश्वत की रकम दिए जाने के दौरान कार्रवाई करने की तैयारी की गई। 21 नवंबर को शिकायतकर्ता को डेढ़ लाख रुपये लेकर अधिकारी के घर भेजा गया। दूसरी ओर एसीबी की टीम पूरी गतिविधि पर नजर बनाए हुए थी।
बताया गया है कि रिश्वत की रकम के लेनदेन के दौरान जैसे ही एसीबी की कार्रवाई की भनक लगी, अधिकारी के घर मौजूद सीए इमरान मेमन ने कथित तौर पर रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी। हालांकि, एसीबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और जीएसटी सहायक आयुक्त आंचला गिरी तथा सीए इमरान मेमन को गिरफ्तार कर लिया।







