Dhamtari: आदतन बदमाश एवं चिट्टा तस्कर अभिनव तिवारी जिला बदर, जिला दण्डाधिकारी ने जारी किया आदेश

एक वर्ष के लिए धमतरी सहित 7 जिलों की राजस्व सीमाओं से निष्कासन, जेल से रिहाई के बाद आदेश होगा प्रभावशील

मारपीट,जान से मारने की धमकी, आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट सहित गंभीर अपराधों में संलिप्त बदमाश पर सख्त  कार्यवाही

धमतरी। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के आदतन बदमाश एवं चिट्टा तस्करी में संलिप्त अभिनव तिवारी उर्फ लवली के विरुद्ध जिला बदर की कठोर कार्यवाही की गई है। जिला दण्डाधिकारी धमतरी द्वारा पारित आदेश के अनुसार अभिनव तिवारी उर्फ लवली को धमतरी, रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर, कोण्डागांव, गरियाबंद जिलों की राजस्व सीमाओं से एक वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है। निर्धारित अवधि में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना प्रतिबंधित जिलों की सीमाओं में प्रवेश करना प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन एवं अनुशंसा के आधार पर जिला दण्डाधिकारी धमतरी अबिनाश मिश्रा द्वारा 23/11/2026 को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत आमातालाब रोड, गली नंबर-04, धमतरी निवासी अभिनव तिवारी उर्फ लवली, उम्र 35 वर्ष, के विरुद्ध जिला बदर का आदेश पारित किया गया है।

आदेशानुसार अनावेदक को जिला धमतरी सहित रायपुर, दुर्ग, बालोद, कांकेर, कोण्डागांव एवं गरियाबंद सहित कुल 07 जिलों की राजस्व सीमाओं से एक वर्ष की अवधि के लिए निष्कासित किया गया है। वर्तमान में जिला जेल धमतरी में अन्य आपराधिक प्रकरणों में निरुद्ध होने के कारण यह आदेश उसकी जेल से रिहाई की तिथि से प्रभावशील होगा।

मारपीट, धमकी, हथियार एवं चिट्टा तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में रहा संलिप्त
आरोपी अभिनव तिवारी उर्फ लवली वर्ष 2023 से लगातार थाना सिटी कोतवाली धमतरी, थाना कुरूद एवं चौकी बिरेझर क्षेत्रांतर्गत आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध आम नागरिकों का रास्ता रोककर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, चाकू एवं तलवार जैसे हथियारों से भय उत्पन्न करने तथा मादक पदार्थ चिट्टा के अवैध कारोबार से संबंधित गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।

सामान्य प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों एवं  15/09/2025 को गुंडा सूची में शामिल किए जाने के बावजूद उसकी आपराधिक गतिविधियों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उसके विरुद्ध लगातार प्राप्त शिकायतों एवं दर्ज आपराधिक प्रकरणों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क) एवं 5(ख) के तहत जिला बदर की कार्यवाही हेतु प्रतिवेदन जिला दण्डाधिकारी न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। प्रस्तुत साक्ष्यों एवं आपराधिक रिकॉर्ड के परीक्षण के पश्चात जिला दण्डाधिकारी द्वारा निष्कासन का आदेश पारित किया गया।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment