बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर आधी रात उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब कच्चे लोहे से भरे एक चलते ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने इतना भयावह रूप ले लिया कि 14 चक्कों वाला पूरा वाहन लपटों से घिर गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक CG-04-QH-9770 नारायणपुर से कच्चा लोहा लेकर रायपुर की ओर रवाना हुआ था। वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से गुजरते हुए पुरूर क्षेत्र में पहुंचा था। इसी दौरान रात लगभग 1 बजकर 15 मिनट पर ट्रक से अचानक धुआं उठने लगा। शुरुआत में चालक को स्थिति समझने का मौका भी नहीं मिला और आग तेजी से फैलने लगी। कुछ ही समय में वाहन का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते पूरा ट्रक जलने लगा।
ट्रक में आग लगने के बाद चालक के सामने अपनी जान बचाने की चुनौती खड़ी हो गई। आग तेजी से बढ़ रही थी और वाहन में रुकना खतरनाक हो सकता था। ऐसी स्थिति में चालक ने तुरंत निर्णय लेते हुए चलते वाहन से छलांग लगा दी और सुरक्षित बाहर निकल गया। चालक के समय रहते वाहन से बाहर निकल जाने के कारण इस घटना में उसकी जान बच गई। हालांकि, ट्रक को आग से नहीं बचाया जा सका।







