पूर्व सीएम भूपेश बघेल की मौजूदगी में 32 लोगों ने की कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण

धमतरी। पुरानी कृषि मंडी परिसर में दीपावली मिलन सह मितानिन सम्मान समारोह का कांग्रेस ने आज आयोजन किया. आयोजन में पूर्व सीएम भूपेश बघेल, विधायक ओंकार साहू, संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम शामिल हुए. इस मौके पर कांग्रेस पार्टी ने जिलेभर से आई करीब 700 मितानिनों को सम्मानित किया. वहीं कार्यक्रम के मंच से पूर्व सीएम भूपेश बघेल की मौजूदगी में सपरंच सहित 32 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की.

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मितानिनों को सम्मानित कर उनके स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान की सराहना की. भूपेश बघेल ने कहा, ”मितानिनें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल से लेकर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. मितानिन दिवस पर धमतरी विधायक ओंकार साहू द्वारा प्रतिवर्ष सम्मान समारोह आयोजित करना सराहनीय पहल है. कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मितानिनों को 2200 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाता था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने मितानिनों के साथ छल किया है.”

धमतरी विधायक ओंकार साहू ने कहा, ”मितानिन सम्मान समारोह, दीपावली मिलन और कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से आज सभी के साथ खुशियां साझा करने का अवसर मिला.” ओंकार साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा मितानिनों की मांगों को लेकर आवाज उठाती रहेगी. ओंकार साहू ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शासनकाल में मितानिनों के सम्मान और उनके हितों को प्राथमिकता दी जाती रही है. उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मितानिनों का सम्मान करने का अवसर मिला.

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment