संविधान दिवस पर विद्यार्थियों को दी गई संविधान और कानून की जानकारी

कुरूद। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुरूद में संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिविल जज निलेश कुमार बघेल ने विद्यार्थियों एवं आचार्य बंधु-भगिनियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसकी प्रमुख विशेषताओं तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने न्यायपालिका की भूमिका, कानून की विभिन्न व्यवस्थाओं तथा समाज में कानून के पालन की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में व्यवहार न्यायालय कुरूद से रजत निराला ने भी संविधान दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों, कानून की जानकारी एवं न्याय व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने सरल भाषा में कानून की उपयोगिता समझाते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान, कानून के प्रति जागरूकता और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्रीनिवास शुक्ला, प्रधानाचार्य जितेंद्र निर्मलकर सहित समस्त आचार्य बंधु-भगिनी उपस्थित रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment