14 साल से लापता बालिका को धमतरी पुलिस ने ग्रेटर नोएडा से निकाला खोज , नाम और पहचान बदलने के बावजूद तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता

धमतरी। थाना भखारा पुलिस ने  वर्ष 2012 से लापता एक नाबालिग बालिका को 14 वर्ष बाद ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश से सकुशल दस्तयाब करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

प्रकरण के अनुसार थाना भखारा क्षेत्रांतर्गत ग्राम सिलिडीह निवासी 14 वर्षीय नाबालिग बालिका 27 अक्टूबर 2012 को दोपहर लगभग 1 बजे घर से मट्ठा लेने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 62/2013, धारा 363 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

प्रकरण के लंबे समय से लंबित रहने तथा बालिका द्वारा समय के साथ अपना नाम एवं पहचान बदल लेने के कारण उसकी पतासाजी पुलिस के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी।

आधुनिक तकनीक, NATGRID एवं सोशल मीडिया से मिला महत्वपूर्ण सुराग

पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय द्वारा पुराने एवं लंबित गुमशुदगी के प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी पतासाजी के निर्देश दिए गए थे। इसी तारतम्य में थाना भखारा पुलिस द्वारा लगातार तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक एवं इंस्टाग्राम तथा NATGRID सहित उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की सहायता से लापता बालिका की तलाश की जा रही थी।

पुलिस टीम द्वारा लगातार किए गए प्रयासों, तकनीकी विश्लेषण एवं सीडीआर/सीएएफ से प्राप्त जानकारियों के आधार पर पता चला कि लापता बालिका अब अपना नाम एवं पहचान बदलकर सेक्टर डेल्टा-III, थाना देवला, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में निवास कर रही है।

ग्रेटर नोएडा पहुंचकर पुलिस टीम ने महिला को किया दस्तयाब
महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त होते ही थाना भखारा पुलिस की टीम तत्काल ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश रवाना की गई। पुलिस टीम द्वारा स्थानीय स्तर पर पतासाजी एवं आवश्यक कार्यवाही करते हुए 23 नवंबर 2026 को उक्त महिला को सकुशल दस्तयाब किया गया तथा धमतरी लाया गया।

वर्तमान में लगभग 28 वर्ष की महिला से पूछताछ एवं  न्यायालय प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के समक्ष धारा 183 बीएनएसएस के तहत दर्ज कराए गए कथन में उसने बताया कि वर्ष 2012 में वह अपनी मां के पास चली गई थी। इसके पश्चात आगरा एवं दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में रहकर रोजी-मजदूरी करने लगी तथा बालिग होने के बाद वर्ष 2018 में विवाह कर लिया।
महिला ने अपने साथ किसी भी प्रकार की जोर-जबरदस्ती अथवा अपराध घटित होने से इनकार किया है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment