धमतरी। जिले के सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम हिन्छापुर में कुएं में गिरने से 80 वर्षीय बुजुर्ग वृद्धा की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हिन्छापुर का रहने वाली 80 वर्षीय मेहत्तरीन बाई जोशी शनिवार की रात करीब 9.30 बजे अपने घर के पीछे स्थित बाड़ी की ओर गई थी। इसी दौरान कुंए के पास अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वे कुएं में जा गिरीं। कुएं में पानी अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सकीं और डूबने से उनकी मौत हो गई। वहीं काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बाड़ी स्थित कुएं में उनका शव मिला। इसके बाद परिवार सहित ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटनावश मौत का सामने आ रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।









