समय सीमा की बैठक :  सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, किसानों को समय पर मिले खाद-बीज – गजेन्द्र सिंह ठाकुर 

धमतरी । कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। श्री ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शासन की इस महत्वाकांक्षी पहल के प्रति सभी अधिकारी गंभीरता से कार्य करें ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।
समीक्षा के दौरान एग्रीस्टैक की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने इसे निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में खाद एवं बीज के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि खरीफ सीजन प्रारंभ होने वाला है, ऐसे में किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित की जाने वाली छायाचित्र प्रदर्शनी की तैयारियों की भी जानकारी ली गई। इसके अलावा 16 जून से प्रारंभ होने वाले नए शैक्षणिक सत्र को देखते हुए शाला प्रवेशोत्सव, विद्यार्थियों को गणवेश एवं पाठ्यपुस्तक वितरण की तैयारियों की समीक्षा की गई।
धान उपार्जन एवं उठाव की स्थिति पर खाद्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि जिले में लगभग 89 प्रतिशत धान का उठाव किया जा चुका है तथा शेष कार्यवाही प्रगति पर है। इसके साथ ही जिले के पेट्रोल पंपों में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।
बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए श्री ठाकुर ने नगरीय क्षेत्रों में नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारियां पूर्ण करने पर जोर दिया गया। उन्होंने विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए बिजली तारों से सटे एवं जोखिमपूर्ण वृक्षों की समय रहते कटाई-छंटाई कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहरी, एसडीएम धमतरी श्री पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद श्री नभ सिंह कोसले, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती कल्पना ध्रुव, डिप्टी कलेक्टर श्री मनोज मरकाम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail