धमतरी। जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के तत्वावधान में खाद-बीज की समस्या, खाद की कालाबाजारी एवं बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रेस वार्ता कर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया । कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर घेराव किया और विभिन्न मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित किया।
इस आंदोलन में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया एवं कुरूद के पूर्व विधायक लेखराम साहू, कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर , कांग्रेस नेता विपीन साहू ,राजकुमारी दीवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने खाद-बीज की उपलब्धता, खाद की कालाबाजारी रोकने, नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया की पर्याप्त व्यवस्था, डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस तथा खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई।
कुरूद के पूर्व विधायक एवं किसान नेता लेखराम साहू ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को प्रति एकड़ दो बोरी यूरिया और दो बोरी डीएपी उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार द्वारा शुरू की गई गोबर एवं जैविक कंपोस्ट खाद योजना को वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए पुनः प्रारंभ किया जाना चाहिए। साथ ही धान के समर्थन मूल्य में वृद्धि कर 3358 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग भी रखी।
लेखराम साहू ने बढ़ते बिजली बिल, डीजल-पेट्रोल एवं रसोई गैस की कीमतों में कमी करने की मांग करते हुए कहा कि महंगाई से आम जनता परेशान है। दाल, तेल, सब्जी, दूध, राशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल सहित रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का वादा कर सत्ता में आई थी, लेकिन केवल घोषणा करने से किसानों की आय नहीं बढ़ सकती। इसके लिए ठोस नीतियां और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
किसान नेता ने चेतावनी दी कि यदि किसानों एवं आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों पर धरना प्रदर्शन सहित बड़े आंदोलन करेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









