27 जून को अम्बिकापुर में लगेगा संभाग स्तरीय रोजगार मेला

2000 से अधिक रिक्तियों पर भर्ती का अवसर 8वीं से स्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा धारक युवा कर सकेंगे सहभागिता

कोरिया। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के निर्देशानुसार जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, अम्बिकापुर द्वारा 27 जून 2026 , शनिवार को संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम, अम्बिकापुर में आयोजित होगा।

रोजगार मेले में विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियां भाग लेंगी, जहां 2000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के लिए निजी नियोजक उपस्थित रहेंगे तथा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन किया जाएगा। मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा एवं अन्य तकनीकी योग्यताधारी अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। उपलब्ध पदों के लिए संभावित वेतनमान 6 हजार रुपये से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक निर्धारित किया गया है।

रोजगार मेले में भाग लेने के लिए सरगुजा संभाग के सभी शिक्षित बेरोजगार युवाओं का ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थी रोजगार विभाग के पोर्टल “eRojgar Chhattisgarh Portal” (https://reference-url-citation.invalid/0) अथवा गूगल प्ले स्टोर से “CG Rojgar Panjiyan App” (https://reference-url-citation.invalid/1) के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी “eRojgar Chhattisgarh Portal” (https://reference-url-citation.invalid/2) पर उपलब्ध है।

रोजगार कार्यालय द्वारा इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर अपने समस्त शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण.पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीयन प्रमाण-पत्र आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment