रायपुर। रायपुर कारोबारी से मारपीट के मामले में रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कांग्रेस नेता उमेश रगड़े के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उमेश रगड़े कांग्रेस के अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति सेल के राष्ट्रीय समन्वयक और युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हैं। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कारोबारी विजय जेठानी ने 21 नवंबर को गोलू रगड़े उर्फ शंका और अतुल तलमेल के खिलाफ आजाद चौक थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अगले दिन कारोबारी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को उमेश रगड़े बताया और अपने भतीजे गोलू रगड़े तथा अतुल तलमेल के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया। मना करने पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
धमकी मिलने के बाद पीड़ित कारोबारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात नंबर धारक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कारोबारी ने आरोप लगाया है कि फोन करने वाले ने अपना नाम उमेश रगड़े बताया था। मामले से जुड़ा एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है। पुलिस शिकायत, प्रसारित ऑडियो और पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।







