खेती के साथ पशुपालन अपनाएं किसान, आय के बढ़ाएं स्थायी स्रोत : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर ग्राम बोड़रा में उन्नत वत्स प्रदर्शनी एवं पशुपालक कृषक गोष्ठी आयोजित, पशुपालकों को वितरित किया गया मिनरल मिक्सचर

धमतरी। खेती के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को अपनाकर किसान अपनी आमदनी में वृद्धि कर सकते हैं। केवल एक फसल पर निर्भर रहने के बजाय आय के अतिरिक्त और निरंतर स्रोत विकसित करना समय की आवश्यकता है। यह बात कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने आज ग्राम बोड़रा, विकासखंड धमतरी में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर आयोजित उन्नत वत्स प्रदर्शनी एवं पशुपालक कृषक गोष्ठी को संबोधित करते हुए कही।

भारत में श्वेत क्रांति के जनक एवं ‘मिल्कमैन ऑफ इंडिया’ के नाम से विख्यात डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में पशुधन विकास, नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का आयोजन उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, जिला धमतरी के मार्गदर्शन में किया गया।

उल्लेखनीय है कि डॉ. वर्गीज कुरियन (26 नवंबर 1921–9 सितंबर 2012) ने सहकारी आंदोलन के माध्यम से भारत में दुग्ध उत्पादन को नई दिशा दी। उनके नेतृत्व में संचालित ‘ऑपरेशन फ्लड’ ने भारत को दूध की कमी वाले देश से विश्व के अग्रणी दुग्ध उत्पादक देशों की श्रेणी में पहुंचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस उनके योगदान, दूरदर्शिता और सहकारिता की शक्ति को स्मरण करने का अवसर है।

कार्यक्रम में कृत्रिम गर्भाधान (एआई) के माध्यम से जन्मे उन्नत वत्सों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें पशुपालकों द्वारा लाए गए वत्सों का अवलोकन कर नस्ल सुधार और गुणवत्तापूर्ण पशुधन के महत्व की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में शामिल पशुओं को सामान्य टॉनिक एवं कृमिनाशक इंजेक्शन देकर लाभान्वित किया गया। वहीं पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित पोषण और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के उद्देश्य से पशुपालकों को मिनरल मिक्सचर वितरित किया गया।

इस अवसर पर आयोजित कृषक गोष्ठी में पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन, कृत्रिम गर्भाधान, नस्ल सुधार, संतुलित पशु आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा दुग्ध उत्पादन एवं विपणन की आधुनिक तकनीकों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़कर सामूहिक रूप से दूध का संकलन, प्रसंस्करण एवं विपणन करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि पशुपालकों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सके और दुग्ध व्यवसाय को नियमित आय का माध्यम बनाया जा सके।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जिले के अधिकांश किसान धान की खेती पर निर्भर हैं। खरीफ सीजन में शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाती है, लेकिन किसानों की आर्थिक स्थिति को और मजबूत बनाने के लिए खेती के साथ अन्य आजीविका गतिविधियों को भी अपनाना जरूरी है। पशुपालन ऐसा व्यवसाय है, जो किसानों को वर्षभर आय अर्जित करने का अवसर प्रदान करता है और कृषि पर उनकी निर्भरता को संतुलित करने में सहायक हो सकता है।

उन्होंने कहा कि गाय पालन को केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं रखना चाहिए। दूध से दही, घी, पनीर एवं अन्य मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार कर अतिरिक्त आमदनी अर्जित की जा सकती है। इस प्रकार दुग्ध उत्पादन के साथ प्रसंस्करण और विपणन को जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे उद्यमों की संभावनाएं भी विकसित की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि परिवार की खुशहाली और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता जरूरी है। आय के पर्याप्त और स्थायी साधन होने से परिवार की शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आता है।

कलेक्टर ने पशुपालकों से वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन अपनाने, उन्नत नस्ल के पशुओं को प्रोत्साहित करने तथा उनके पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और विभागीय मार्गदर्शन का लाभ लेकर पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे किसानों की आय बढ़ने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

कार्यक्रम में उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. अवधेश कुमार मरकाम सहित डॉ. प्रमोद कुमार ठाकुर, डॉ. भुजेंद्र सोनी एवं डॉ. सुरेंद्र कुमार मरकाम उपस्थित रहे। आयोजन में मुख्य ग्राम योजना धमतरी के अंतर्गत पशु चिकित्सा संस्थाओं भोथली, देमार, अर्जुनी, पूरी, खरतुली, आमदी, पुरुर, राखी एवं सोरम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment