कृषि महाविद्यालय कुरूद के विद्यार्थियों ने रचा नया कीर्तिमान

प्रतिष्ठित बीज कंपनी में इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट से मिली करियर की सशक्त शुरुआत

धमतरी। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद (CARS) के विद्यार्थियों ने कैंपस प्लेसमेंट एवं उद्योग–संस्थान सहयोग (Industry–Institute Collaboration) के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर महाविद्यालय एवं जिले का गौरव बढ़ाया है। अधिष्ठाता डॉ. नवनीत राणा के सतत् मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा उद्योगों के साथ प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित कृषि बीज कंपनी PAN Seeds (P) Ltd., कोलकाता में हुआ है।

कंपनी द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया के उपरांत महाविद्यालय के छात्र कमल कुमार,  विकास कुमार, हिमांशी चंद्राकर एवं गौरव कुमार साहू का चयन रायपुर स्थित कंपनी के प्लांट में दो माह की इंटर्नशिप के लिए किया गया है। इंटर्नशिप अवधि के दौरान प्रत्येक विद्यार्थी को 7 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड के साथ निःशुल्क आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी प्रबंधन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद इन सभी विद्यार्थियों को कंपनी के नियमित पेरोल पर नियुक्ति प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें कृषि उद्योग में अपने व्यावसायिक जीवन की मजबूत शुरुआत करने का अवसर मिलेगा।

इसी क्रम में महाविद्यालय के छात्र  नरेंद्र कश्यप का PAN Seeds (P) Ltd. में ऑफिसर–प्लांट क्वालिटी के पद पर बंजारी (कुरूद) इकाई में प्रत्यक्ष चयन हुआ है। उन्हें 3 लाख रुपये वार्षिक (LPA) के आकर्षक वेतनमान के साथ नियुक्ति प्रदान की गई है। कंपनी द्वारा उन्हें भी निःशुल्क आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

महाविद्यालय के अधिष्ठाता एवं डीन डॉ. नवनीत राणा ने चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की लगन, अनुशासन, निरंतर परिश्रम तथा महाविद्यालय द्वारा प्रदान किए जा रहे उत्कृष्ट शिक्षण, आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और उद्योगों से सुदृढ़ समन्वय का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि कृषि शिक्षा को रोजगारोन्मुखी बनाना महाविद्यालय की प्राथमिकता है और इसी दिशा में उद्योगों के साथ निरंतर साझेदारी स्थापित की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी महाविद्यालय के विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं एवं कैंपस प्लेसमेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित शासकीय एवं निजी संस्थानों में चयनित होकर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने चयनित विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणादायी सिद्ध होगी तथा कृषि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, नवाचार और रोजगारोन्मुखी शिक्षा को नई दिशा प्रदान करेगी।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment