सरायपाली। सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टेमरी (बलौदा) में आगामी रविवार, 5 जुलाई 2026 को नवा बिहान फाउंडेशन, रायपुर के तत्वावधान में तथा सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद के मार्गदर्शन एवं सहयोग से एक दिवसीय विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया जाएगा।
इस स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्र के नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा।
शिविर में सामान्य रोगों का उपचार, रक्तचाप (बीपी) एवं मधुमेह (शुगर) की निःशुल्क जांच, महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य परामर्श तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवा वितरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक चातुरी नंद ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति का स्वस्थ होना आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ उनके गांव के निकट ही मिल सके।
उन्होंने क्षेत्र के ग्राम टेमरी (बलौदा) सहित आसपास के सभी ग्रामों के नागरिकों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराएं तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।








