धमतरी। धमतरी तहसील के ग्राम कोलियारी में करीब 50 मकानों पर बेदखली संबंधी नोटिस चस्पा होने के बाद ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी है। शुक्रवार शाम धमतरी विधायक ओंकार साहू गांव पहुंचे, प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि बारिश के मौसम में किसी भी परिवार को बेघर नहीं होने दिया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार ग्राम कोलियारी के खसरा नंबर 905, 906 और 907 की भूमि शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज है तथा शासकीय प्रयोजन के लिए आरक्षित है। अतिरिक्त तहसीलदार द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना में संबंधित भूमि पर हुए अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय के बाद अतिक्रमण मिलने पर बिना पूर्व सूचना बेदखली की कार्रवाई की जाएगी तथा कार्रवाई का खर्च भी संबंधित अतिक्रमणकारी से वसूला जाएगा।
नोटिस के बाद ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए कहा कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और मेहनत की कमाई से अपने घर बनाए हैं। उनका कहना है कि अचानक बेदखली की कार्रवाई से उनके सामने सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना मकान नहीं तोड़ने की मांग की है।
ग्रामीणों से मुलाकात के दौरान विधायक ओंकार साहू ने अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वे प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं और किसी भी घर को जल्दबाजी में टूटने नहीं दिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन अपने रुख पर कायम है, जबकि ग्रामीण और जनप्रतिनिधि समाधान के लिए संवाद की मांग कर रहे हैं।










