धमतरी। कुरूद-विशाखापत्तनम मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। सड़क हादसे में प्राथमिक शाला ठेनही में प्रधान पाठक की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, भुनेश्वर सिंह दिवाकर (50), प्राथमिक शाला ठेनही में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ थे। वे सारंगपुरी (उमरगांव) के रहने वाले थे। उनकी बेटी रायपुर में पढ़ाई करती है। रविवार को वे बेटी से मिलने रायपुर गए थे और वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुरूद-विशाखापत्तनम मार्ग पर उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में सिर सुरक्षित होने के बावजूद शरीर के अंदरूनी अंगों में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।










