तुंहर विधायक – तुंहर द्वार कार्यक्रम के तहत सरायपाली विधायक चातुरी नंद पहुँची पंडापारा, अंतरला और मनकी

पंडापारा में मंच निर्माण हेतु 2 लाख रुपये की घोषणा
– ग्रामीणों से भेंटकर सुनी समस्याएं और किया त्वरित निराकरण

सरायपाली…. क्षेत्र की जनता से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद द्वारा चलाए जा रहे “तुंहर विधायक – तुंहर द्वार” कार्यक्रम के तहत आज विधायक श्रीमती नंद ग्राम पंडापारा, अंतरला एवं मनकी का सघन जनसंपर्क एवं भ्रमण किया। इस दौरान विधायक ने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देने का भरोसा दिलाया।

ग्राम पंडापारा में आयोजित जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सामुदायिक कार्यक्रमों एवं सामाजिक आयोजनों के लिए मंच निर्माण की आवश्यकता से विधायक को अवगत कराया। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए विधायक चातुरी नंद ने मंच निर्माण हेतु 2 लाख रुपये की घोषणा की। इस घोषणा पर ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए विधायक का आभार जताया।

इसके साथ ही ग्रामीणों ने पंडापारा से अन्तरला पहुंच मार्ग के पक्की निर्माण कराने की मांग की जिस पर विधायक चातुरी नंद ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश विभागीय सब इंजीनियर को दिए। इसी तरह ग्रामीणों ने पचरी निर्माण, सीसी रोड निर्माण सहित कई मांगे रखी जिसका जल्द पूरा करने का आश्वासन विधायक नंद ने ग्रामीणों को दिया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, नाली निर्माण, पेंशन, पीएम आवास, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया।

पंडा पारा के बाद विधायक चातुरी नंद ग्राम अन्तर्ला और मनकी पहुंची जहां ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। दोनों गांवों में विधायक ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और मौके पर उसके निराकरण के निर्देश दिए।

विधायक चातुरी नंद ने कहा कि “तुंहर विधायक – तुंहर द्वार” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को उनके गांव में पहुंचकर समझने की पहल है। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक होता है जब जनप्रतिनिधि स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी आवश्यकताओं को समझे और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करे।

उन्होंने कहा कि सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पहुंचना, लोगों से नियमित संवाद करना और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई तथा मूलभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

इस अवसर पर जनपद सदस्य कुमोदनी भोई, ग्राम पंचायत अंतर्रला के सरपंच अजय जगत, जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के महामंत्री रूपानंद पटेल, विधायक प्रतिनिधि दीपक साहू, युवा कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पंकज बीसी, तोषगांव कांग्रेस मंडल के अध्यक्ष संजय प्रधान, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदीप कर, कांग्रेस कार्यकर्ता हीरालाल प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, पंच-सरपंच, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विधायक का आत्मीय स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे उनके सतत प्रयासों की सराहना की।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment