नगरी-सांकरा क्षेत्र में एचपी गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था पर उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी

प्रदीप साहू @ नगरी। नगरी तहसील के सांकरा क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने एचपी (HP) गैस एजेंसी की वितरण व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नगरी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि गैस सिलेंडर की पर्ची (एंट्री) एक स्थान पर बनाई जाती है, जबकि भरे हुए गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को 2 से 3 किलोमीटर दूर जंगल रास्ते पर दूसरे स्थान पर भेजा जाता है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि इस व्यवस्था से विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में कीचड़युक्त एवं फिसलन भरी सड़कों के कारण आवागमन और भी कठिन हो गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। इससे लोगों का समय और अतिरिक्त धन भी खर्च हो रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि एचपी गैस एजेंसी की वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा पर्ची एंट्री और गैस सिलेंडर वितरण एक ही स्थान पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सके। साथ ही यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
यह ज्ञापन सांकरा निवासी चंद्रशेखर साहू द्वारा जनहित में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), नगरी को सौंपा गया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment