शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष प्रचार-प्रसार व मोबिलाइजेशन कैंप आयोजित करने के निर्देश
धमतरी। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) 4.0 के तहत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 1350 युवाओं को विभिन्न रोजगारमूलक पाठ्यक्रमों में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रचार-प्रसार और मोबिलाइजेशन कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर एवं जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज अध्यक्ष श्री अबिनाश मिश्रा ने जिले के नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक इच्छुक युवाओं को प्रशिक्षण से जोड़ें। इसके लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मोबिलाइजेशन कैंप आयोजित किए जाएंगे तथा इच्छुक युवाओं को जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, धमतरी में प्रशिक्षण के लिए पंजीयन हेतु भेजा जाएगा।
योजना के अंतर्गत युवाओं को Short-Term Training (STT) तथा Recognition of Prior Learning (RPL) के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
जारी निर्देश के अनुसार RPL प्रशिक्षण 31 अगस्त 2026 तक तथा STT प्रशिक्षण 28 फरवरी 2027 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है।
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 का लाभ उठाकर अपनी रुचि के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करें और रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।









