रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि दोनों मजदूरों के शव उनके गृह जिलों तक नहीं लाए गए और वहीं अंतिम संस्कार कर दिया गया। उन्होंने इसे सरकार की संवेदनहीनता बताया।
शुक्ला ने बताया कि मारे गए दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। एक सारंगढ़-बिलाईगढ़ और दूसरा सक्ति जिले का निवासी था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मजदूरों को सुरक्षा देने में नाकाम रही। मौत के बाद परिजनों को अंतिम दर्शन का मौका भी नहीं मिला।
कांग्रेस नेता ने कहा कि किसी भी राज्य सरकार की जिम्मेदारी होती है कि दूसरे प्रदेश में आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों के शव सम्मानपूर्वक उनके घर तक पहुंचाए जाएं लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने सवाल किया कि क्या मजदूर होने की वजह से उनके साथ अलग व्यवहार किया गया?









