धमतरी की रेणुका गोस्वामी को राष्ट्रपति का विशेष आमंत्रण, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत संचालित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) से प्रशिक्षण प्राप्त कर धमतरी जिले की बेटी रेणुका गोस्वामी ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर एक ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिस पर पूरा प्रदेश गौरवान्वित है। रेणुका को स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय समारोह में शामिल होने के लिए भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु की ओर से विशेष आमंत्रण प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उनसे मुलाकात कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

रायपुर में हुई इस मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि रेणुका गोस्वामी की सफलता प्रदेश के लाखों ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि राज्य सरकार की कौशल विकास और ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजनाओं की प्रभावशीलता का भी प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेणुका की यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और उन्हें बेहतर भविष्य देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। बिहान और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना जैसी पहलें युवाओं को आधुनिक कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ रही हैं।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment