रायपुर। भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद विवाद गहरा गया। बीजेपी ने टिप्पणी करने वालों के खिलाफ शिकायत की। छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल के घर का घेराव कर प्रदर्शन किया। बीजेपी और छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इसके अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
रायपुर पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार को सोशल मीडिया पेज में हंसराज गोयल नाम के व्यक्ति ने भगवान शिव पर आपत्तिजनक पोस्ट किया था।
क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी ने भी आपत्तिजनक कमेंट किया और इसके बाद विवाद बढ़ा। भाजपा और हिंदू संगठनों ने सोशल मीडिया में कमेंट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेता अमित चिमनानी ने कहा कि सावन माह भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। ऐसे समय में भगवान शिव, शिवलिंग और सनातन धर्म के देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करना करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है।










