अपनी पहचान के साथ शिक्षा की ओर बढ़ते ट्रांसजेंडर युवा

रायपुर। कभी-कभी सबसे बड़ी जीत किसी मंच पर नहीं, बल्कि एक कक्षा में मिलती है। यह खुशी की बात है कि ट्रांसजेंडर युवा अब अपनी पहचान छिपाकर नहीं, बल्कि सम्मान और आत्मविश्वास के साथ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।

गरिमा गृह की छात्रा इंशिया ने महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में बी.ए. प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया है। कॉलेज की पढ़ाई के साथ वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही हैं और अपने सपनों को लेकर बेहद गंभीर हैं।

वहीं निक्की ध्रुव वर्तमान में इसी महाविद्यालय में एम.ए. प्रथम वर्ष (अंग्रेज़ी) की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने अपनी पिछली पढ़ाई अपनी पहचान छिपाकर पूरी की थी, लेकिन आज वह अपनी पहचान के साथ आगे बढ़ रही हैं। उनका सपना शिक्षा के क्षेत्र में सेवा करना है।

मीरा यादव, सरगुजा की रहने वाली हैं। उन्होंने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से B.A. (Hons.) और M.A. (Dance – Odissi) की शिक्षा पूरी की है और वर्तमान में राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर से LL.B. प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। उनका सपना अधिवक्ता बनकर समाज की सेवा करना है।

इन युवाओं की सफलता सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए उम्मीद और बदलाव का संदेश है। कभी तिरस्कार, अस्वीकार, बुलिंग और भेदभाव का सामना करने वाले युवाओं के लिए यह साबित करता है कि परिस्थितियाँ रास्ता कठिन बना सकती हैं, लेकिन सपनों को रोक नहीं सकतीं।

जब ट्रांसजेंडर युवा अपनी पहचान के साथ कॉलेजों में पढ़ेंगे, सहपाठियों के साथ मित्रता करेंगे और आगे बढ़ेंगे, तो यह आने वाली पीढ़ी के लिए एक नई राह बनाएगा।

यह सिर्फ शिक्षा की शुरुआत नहीं है—यह पहचान, सम्मान और बराबरी के साथ जीने की एक नई शुरुआत है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

ई-मेडलीएपीआर के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की समन्वय बैठक,  एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट के ऑनलाइन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण और शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर