धमतरी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ’’मिशन शक्ति’’ योजना के तहत जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (हब) धमतरी के सुचारू संचालन के लिए रिक्त 04 पदों पर संविदा नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिला स्तरीय चयन समिति के निर्णय अनुसार, इन पदों पर नियुक्ति हेतु अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और कौशल परीक्षा आगामी 14 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा सुबह 9 बजे से आजीविका महाविद्यालय धमतरी में आयोजित होगी।
बताया गया है कि 1ः10 के अनुपात में कुल 28 पात्र अभ्यर्थियों को इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। साक्षात्कार और कौशल परीक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियां, जिसमें पदवार पात्र सेवा प्रदाताओं की सूची, रोल नंबर और प्रवेश पत्र का निर्धारित प्रारूप शामिल है, धमतरी जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.dhamtari.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है। अभ्यर्थी पोर्टल पर जाकर अपना विवरण देख सकते हैं तथा निर्धारित समय पर परीक्षा स्थल पर उपस्थित होना सुनिश्चित कर सकते हैं।








