केंद्र एवं राज्य शासन की ग्रामीण एवं शहरी विकास योजनाओं की होगी समीक्षा
धमतरी। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं शहरी विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा एवं सतत् निगरानी के लिए गठित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक 12 अक्टूबर 2026, सोमवार को आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी करेंगी।
बैठक पूर्वान्ह 11:30 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित होगी। बैठक में जिले में संचालित ग्रामीण एवं शहरी विकास से संबंधित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति की दिशा में की जा रही कार्यवाही पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों तथा क्रियान्वयन से संबंधित बिंदुओं की जानकारी प्रस्तुत करेंगे। समिति द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों एवं उनके निराकरण के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।








