रायपुर। अंतरराष्ट्रीय कथावचक पंडित प्रदीप मिश्रा सिहोर वाले 24 अप्रैल को भिलाई पहुंच रहे हैं। 25 अप्रैल से 1 मई तक वो जयंती स्टेडियम मैदान में एकांतेश्वर महादेव की कथा सुनाएंगे। कथा का समय दोपहर 2 से शाम 5 बजे तय रखा गया है। भीषण गर्मी के दौरान भक्तों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो, इसके लिए समिति ने पूरी तैयारी की है। यहां 200 से अधिक कूलर पंखे व मिस्टिंग शावर लगाए हैं तो वहीं बीमार पड़ने पर उपचार के लिए 42 से अधिक डॉक्टर की ड्यूटी लगाई गई है।
कथा का आयोजन जीवन आरंभ फाउंडेशन के द्वारा किया जा रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष और भाजपा नेता विनोद सिंह ने बताया कि 1 लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 1 लाख वर्ग फीट से अधिक एरिया में टेंट लगाया गया है।