धमतरी में किसानों के लिए बड़ी पहल: 22 नई सहकारी समितियों के साथ 96 समितियों के जरिए मिल रही बेहतर कृषि सेवाएं

रिकॉर्ड खाद-बीज वितरण, ऋण वितरण में बड़ी बढ़ोतरी, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का भी मिल रहा लाभ

धमतरी। खरीफ सीजन 2026-27 में धमतरी जिले के किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने और उन्हें शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में 22 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों का संचालन प्रारंभ किया गया है। इसके साथ ही जिले में अब कुल 96 सहकारी समितियां सक्रिय होकर 370 ग्राम पंचायतों के 653 गांवों के किसानों को खाद, बीज, ऋण, फसल बीमा सहित विभिन्न कृषि सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।

जिला प्रशासन द्वारा किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में अब तक 29,060 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका है। यह गत वर्ष की तुलना में लगभग 1,500 मीट्रिक टन अधिक वितरण है। वहीं किसानों की बढ़ती मांग को देखते हुए पिछले वर्ष की अपेक्षा लगभग 5,000 मीट्रिक टन अधिक उर्वरक का भंडारण भी किया गया है। वर्तमान में सहकारी समितियों के साथ-साथ निजी विक्रेताओं के यहां भी पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है तथा आवश्यकता के अनुरूप लगातार भंडारण किया जा रहा है।

बीज वितरण के क्षेत्र में भी जिले ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। खरीफ वर्ष 2026-27 में अब तक 12,432 क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण सहकारी समितियों के माध्यम से किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 1,400 क्विंटल अधिक है। इससे किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध हो सके हैं, जिससे बेहतर उत्पादन की संभावनाएं बढ़ी हैं।

कृषि ऋण वितरण में भी इस वर्ष नया रिकॉर्ड बन रहा है। जिले के लिए किसानों को 350 करोड़ रुपये का ऋण वितरण लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 317 करोड़ रुपये का कृषि ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 265 करोड़ रुपये था। इस प्रकार इस वर्ष किसानों को लगभग 57 करोड़ रुपये अधिक का वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया गया है, जिससे खेती-किसानी की गतिविधियों को नई गति मिली है।

प्राकृतिक आपदाओं से किसानों की फसलों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए बीमा कराने की प्रक्रिया भी जारी है। योजना के अंतर्गत धान (सिंचित एवं असिंचित), मक्का, अरहर, मूंग, उड़द, कोदो, कुटकी, रागी तथा मूंगफली सहित विभिन्न फसलों का बीमा कराया जा सकता है। किसानों को निर्धारित प्रीमियम का मात्र दो प्रतिशत अंशदान जमा करना होगा। फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

किसान अपने निकटतम प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, बैंक शाखा, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), बीमा कंपनी के पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से, या कृषि विभाग के अधिकारियों एवं संबंधित पटवारी से संपर्क कर फसल बीमा करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए किसान टोल फ्री नंबर 14447 अथवा निकटतम कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक किसान तक शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। सहकारी समितियों के विस्तार, रिकॉर्ड खाद-बीज वितरण, कृषि ऋण में उल्लेखनीय वृद्धि तथा फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से धमतरी जिले में कृषि व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो रही है। प्रशासन किसानों की हर आवश्यकतानुसार त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाने के लिए सतत प्रयासरत है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment