विद्यार्थियों को मिलेगा गणवेश, पाठ्यपुस्तक, साइकिल एवं दिव्यांग किट, प्रतिभाओं का होगा सम्मान
धमतरी। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ को उत्सव के रूप में मनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन कल 30 जुलाई को प्रातः 11 बजे मराठा मंगल भवन, धमतरी में किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा होंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वृक्षारोपण के साथ किया जाएगा। इसके पश्चात नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं शाला गणवेश का वितरण किया जाएगा। साथ ही सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत पात्र छात्राओं को साइकिलें तथा दिव्यांग विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक सामग्री (किट) प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी एवं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो आकर्षण का केंद्र रहेंगी। वहीं नवप्रवेशी बच्चों के लिए आयोजित न्योता भोज उनके विद्यालय जीवन की सुखद शुरुआत को यादगार बनाएगा तथा विद्यालय के प्रति अपनत्व, उत्साह और आत्मविश्वास का भाव विकसित करेगा।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने जिले के जनप्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में गरिमापूर्ण एवं आत्मीय स्वागत करना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यालयों में आनंददायी शिक्षण वातावरण का निर्माण करना है। यह आयोजन जिले की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके माध्यम से प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने और उसके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का संकल्प साकार किया जा रहा है।









