Dhamtari: बढ़ते बिजली बिल एवं विद्युत समस्याओं के विरोध में 7 अगस्त को होगा विद्युत विभाग का घेराव

धमतरी। बढ़ते बिजली बिल, उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस, जिला धमतरी के नेतृत्व में 7 अगस्त 2026 को विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत दोपहर 12:00 बजे मकई पार्क, धमतरी में कार्यकर्ता एवं नागरिक एकत्रित होंगे, जहां से शांतिपूर्ण रैली निकालकर विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपा जाएगा।

युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष प्रवीण साहू ने बताया कि पिछले कुछ समय से बढ़ते बिजली बिल, गलत रीडिंग, बार-बार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण में हो रही देरी से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज़ को प्रशासन तक पहुंचाने एवं उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के उद्देश्य से यह लोकतांत्रिक आंदोलन आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि घेराव के दौरान बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कर राहत देने, गलत रीडिंग एवं मनमानी बिलिंग पर रोक लगाने, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

प्रवीण साहू ने जिले के युवाओं, किसानों, महिलाओं, व्यापारियों, कर्मचारियों एवं सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी लोकतांत्रिक आवाज़ बुलंद करें और जनहित के इस आंदोलन को सफल बनाएं।

 

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment