फर्जी दस्तावेजों से 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा – मुख्य आरोपी सहित 2 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। फर्जी दस्तावेजों से 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का पुलिस ने खुलासा किया। धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने  मुख्य आरोपी सहित 02 आरोपी गिरफ्तार किया। दरअसल आरोपियों ने फर्जी ऋण पुस्तिका एवं आधार कार्ड से मृतक की 4.5 एकड़ कृषि भूमि को अपना बताकर बेचने की कोशिश की थी। आरोपियों से फर्जी दस्तावेज, चेक, रबर सील एवं नगदी बरामद किया गया।

प्रार्थी सचिन बगानी, निवासी गोबरा नवापारा द्वारा थाना मगरलोड में शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि आरोपी ठाकुर राम साहू द्वारा मृतक विष्णु प्रसाद साहू के नाम ग्राम सांगा में स्थित लगभग 4.5 एकड़ कृषि भूमि को अपना बताकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए तथा उक्त भूमि को बेचने के नाम पर प्रार्थी से विभिन्न माध्यमों से नगद एवं चेक के जरिए लगभग 40 लाख रुपये प्राप्त किए गए। शिकायत पर थाना मगरलोड में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा मृतक विष्णु प्रसाद साहू के नाम से तैयार किए गए डीसीबी बैंक शाखा करी नयापारा के खाता क्र. के ग्राहक आवेदन फार्म, संलग्न दस्तावेज एवं बैंक स्टेटमेंट प्राप्त कर जांच की गई।

जांच एवं पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों द्वारा अवैध लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से मृतक के नाम पर फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड एवं बैंक संबंधी दस्तावेज तैयार किए गए थे। आरोपीगण द्वारा कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से कृषि भूमि पर अपना अधिकार दर्शाकर उसे बेचने का प्रयास किया गया।
विवेचना में आरोपी ठाकुर राम साहू द्वारा अपने सहयोगी आरोपी जितेन्द्र साहू के साथ मिलकर आपराधिक षडयंत्रपूर्वक फर्जी दस्तावेज तैयार करने एवं उनका उपयोग करने की जानकारी सामने आई।

पुलिस द्वारा आरोपियों के मेमोरण्डम के आधार पर गवाहों की उपस्थिति में फर्जी ऋण पुस्तिका, फर्जी आधार कार्ड,  1 एटीएम कार्ड, 3  चेक, 2 नग रबर सील, लिखावट संबंधी डायरी, 5,200/-रूपये नगद सामग्री बरामद की गई।
आरोपी ठाकुर राम साहू के लिखावट एवं हस्ताक्षर के नमूने भी विधिवत प्राप्त किए गए हैं, जिन्हें आवश्यक परीक्षण एवं मिलान हेतु क्यूडी शाखा भेजा जाएगा।

दोनों आरोपियों को 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराया गया तथा विधिसम्मत कार्यवाही के पश्चात दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

धमतरी पुलिस द्वारा प्रकरण की विवेचना जारी है। फर्जी दस्तावेज तैयार करने, कूटरचना में सहयोग करने तथा पूरे षडयंत्र में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी विस्तृत जांच की जा रही है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment