रायपुर। जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के सिवनिकला गांव में गुरुवार को घर के बाहर खड़ी एक महिला को सड़क कार्य में लगे ग्रेडर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ग्रेडर वाहन में आग लगा दी।
मिली जानकारी के अनुसार गांव में सड़क निर्माण या मरम्मत कार्य चल रहा था। इसी दौरान एक महिला अपने घर के बाहर खड़ी थी। इस दौरान ग्रेडर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए महिला को टक्कर मार दी और वह उसके नीचे आ गई। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने ग्रेडर वाहन में आग लगा दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग अभनपुर थाने पहुंच गए और वहां भी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। थाने के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई और लोगों ने न्याय की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।









